अखबार मर रहे हैं... क्या अगला नंबर यूनिवर्सिटी का है... ये सवाल भारत में भारतीयों के लिए अहमियत बेशक न रखता हो... लेकिन वो वक्त दूर नहीं जब जल्द ही ये हमारे दरपेश भी होगा... पश्चिमी दुनिया अखबारों की मौत को नहीं रोक पा रही...लेकिन इससे बहुत परेशान तो है ही...(क्योंकि अभी भी कागज से रोमांस बाकी है...) तो क्या पश्चिम में यूनिवर्सिटीज भी अखबारों के रास्ते पर हैं...शायद... 9/4/09
उन दिनों विश्वविद्यालय हुआ करते थे...
अखबार मर रहे हैं... क्या अगला नंबर यूनिवर्सिटी का है... ये सवाल भारत में भारतीयों के लिए अहमियत बेशक न रखता हो... लेकिन वो वक्त दूर नहीं जब जल्द ही ये हमारे दरपेश भी होगा... पश्चिमी दुनिया अखबारों की मौत को नहीं रोक पा रही...लेकिन इससे बहुत परेशान तो है ही...(क्योंकि अभी भी कागज से रोमांस बाकी है...) तो क्या पश्चिम में यूनिवर्सिटीज भी अखबारों के रास्ते पर हैं...शायद... 23/3/09
जेड की मौत का इंतजार था हमें!
क्या जेड गुडी की मौत में कुछ ऐसा अनूठा है, जो उसे दूसरी मौतों से अलग करता है... मौत तो मौत है...एक ही ढंग से दबोचती है...वजह चाहे जो हो... शायद कुछ ऐसा जरूर था जेड की मौत में... ये अनोखापन था उसकी मौत का इंतजार... जेड के जाने के बाद ये इंतजार खत्म हो गया है... जेड ने मौत के इस ऑब्सेशन को अलविदा कह दी है... हमें किसी नए इंतजार के लिए छोड़ दिया है... जेड के बेटे बॉबी और फ्रेडी अभी ये नहीं समझ सकते कि उनकी मां किस हादसे की शिकार हुई है... उन्हें ये भी पता नहीं कि कैमरे के सामने जिंदगी जीने की आदी उनकी मां ने अपनी मौत से पहले उनके लिए जिंदगी का सामान इकट्ठा कर दिया है...
हर दूसरे घंटे दर्द से निपटने के लिए जेड को पेनकिलर्स लेनी पड़ती थीं... जैक ट्वीड के साथ शादी की रात जेड के घर के बाहर हर वक्त एक एंबुलेंस तैयार थी... जेड हर चीज के लिए तैयार थी... इस हद तक कि अगर उसकी मौत उससे बेवफाई करती तो शायद उसे मुंह दिखाने लायक न छोड़ती...
जेड ने अपनी मौत से पहले सभी अधिकार बेच दिए थे... 22 फरवरी को हुई उसकी शादी को टीवी चैनल लिविंग ने दो हिस्सों में दिखाया... टीवी पर होने वाली दुल्हन ने कुछ शो भी किए...ओके मैग्जीन को उसने अपनी मौत से पहले श्रद्धांजलि इश्यू छापने की इजाजत दी...अपने आखिरी शब्दों के साथ...
17/3/09
जुनून खौफ का!

मीडिया हमें संवेदनशील बनाता है या हमारी संवेदनाओं को कुंद करता है...पता नहीं...जहां तक मुझे पता है कि मीडिया अपनी कमेंट्री में, अपने संवाद में, अपने झुकाव में...आपको कहीं छूने की कोशिश करता है क्योंकि वो पशुओं से संवाद नहीं कर रहा... वो जानवरों को समझाने की कोशिश नहीं कर रहा बल्कि जीते-जागते सोचने वाले जीव इंसानों तक अपनी बात पहुंचा रहे हैं... लेकिन ऐसा लगता नहीं है...
मौत का मासूम चेहरा, जुनून की खौफनाक दास्तान, पहली बार टीवी पर, इन तस्वीरों से बच्चों को दूर रखना... 4 फुट की मौत...
अगर आपको कुछ भी पता न हो तो इन लाइनों से आप क्या निष्कर्ष निकालेंगे...शायद कोई सनसनीखेज वारदात...जिसमें चार फुट लंबे शख्स ने किसी की जान ले ली है...जिसे देखकर बच्चे डर सकते हैं...शायद यही या कुछ ऐसा ही...
लेकिन जनाब आप पूरी तरह गलत साबित होंगे...क्योंकि ये वो खबर है जो अंतर्राष्ट्रीय लोकतांत्रिक समुदाय ही नहीं पूरी मानवता के लिए परेशानी का खुलासा करने वाली है...ये आतंकवाद का वो घिनौना चेहरा है, जिसे देख और सुनकर रौंगटे खड़े हो सकते हैं...ये खबर है पूरी बेरहमी से बचपन को मौत के मुंह में धकेलने की.. बच्चों को बंदूक और बम बांधकर लोगों की जान से खेलने की...उनके जिस्म पर बम बांधकर बदला लेने की हवस...जो दुनियाभर के आतंकी संगठन कर रहे हैं...
और ये चेहरा है 2009 की हिंदी टीवी रिपोर्टिंग का...इस पर कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए कि आप यूट्यूब की फुटेज इस्तेमाल करके किसी मुद्दे को हथियार बना रहे हैं, अपनी बात कह रहे हैं...लेकिन आपत्ति उसके प्रस्तुतिकरण पर जरूर होनी चाहिए...जो बेहद खौफनाक, सस्ती, मुद्दे से कोसों दूर, सनसनी से भरपूर और डर के सिवाय कोई भी असर छोड़ने में नाकामयाब है...
हमास बच्चों को अपने ग्रुप में शामिल करके उन्हें बाकायदा जिहाद में दीक्षित कर रहा है...मणिपुर में कुछ उग्रवादी संगठन, लिट्टे, कश्मीर के कुछ संगठन, तालिबान, अल कायदा और सरकारों के खिलाफ जेहाद में जुटे कई संगठन बच्चों को कवच की तरह इस्तेमाल कर रहे हैं... लेकिन क्या इसे ऐसे पेश करना ठीक होगा कि ये आपका मनोरंजन करे एक हॉरर मूवी की तरह...इस बारे में आगे सोचने की कोई गुंजाइश ही न छोड़े...
लेकिन ऐसा ही हुआ... अगर इस मुद्दे को भारतीय हिंदी टेलीविजन या अखबार उठाते हैं तो यही संदेश समझ आता है...सिर्फ यही खास, बाकी सब बकवास...बिल्कुल यही मैसेज होता है उनका...
यूट्यूब की इस फुटेज में हमास के एक स्थानीय नेता और एक बच्चे अहमद से स्थानीय रिपोर्टर का इंटरव्यू है... रिपोर्टर आतंकी और बच्चे से सवाल करती है...आतंकी अपना मकसद बताता है कि उनकी लड़ाई इजरायल के खिलाफ है और ये बच्चा उनका भाई है जो उनके मिशन में बेहद उपयोगी है...वो ये भी बता रहा है कि उनके पास अहमद जैसे सैकड़ों-हजारों बच्चे हैं...अगर अहमद शहीद भी हो गया तो उसकी जगह लेने को हजारों अहमद तैयार हैं...अहमद भी शहादत का जज्बा रखता है...
हिंदी पत्रकारों का सवाल है कि क्यों वो बच्चे मारे जा रहे हैं और ये नकाबपोश बचे हुए हैं... क्यों नहीं ये खुद लड़ने जाते...वो बता रहा है एकबारगी तो अहमद भी सिहर जाएगा...जो खुद की मर्जी से शहीद होना चाहता है, वो भी रुआंसा हो जाएगा... जब उसके बड़े भाइयों यानी इन नकाबपोशों के कुछ शब्द उसके कानों में शीशों की तरह पिघलेंगे...(बेहद गैरजिम्मेदाराना सामान्यीकरण और हवा में महल)
क्या यही समझदारी है इस मुद्दे की...जिस सवाल को हिंदी मीडिया भारत में बैठकर उठा रहा है...वो उन जेहादियों के लिए पूरी तरह बेमानी है...और क्या उन्हें ये पता नहीं कि नकाबपोश भी लड़ने जाते हैं... सैकड़ों-हजारों फिलिस्तीनी नौजवान लगातार इजरायल के खिलाफ संघर्ष में मारे जा रहे हैं...क्या उन्हें पता है कि आखिर फिलिस्तीन की जमीन क्यों इजरायल के खिलाफ धधक रही है...क्यों ऐसी नौबत आई कि बच्चों के सिर पर कफन बांधना पड़ा...छोड़िए जाने दीजिए...हिंदी दर्शक इतना गरिष्ठ मानसिक भोजन नहीं कर पाएगा...ये उनका दर्शन है... इसलिए आपका मनोरंजन करने और आपकी संवेदनाएं छूने के लिए बस खौफ का ही आखिरी रास्ता बचा है हिंदी मीडिया के पास...दूसरे, इसमें खुद की नाजानकारी भी आसानी से छिप जाती है...
इसी फुटेज में आतंकी बता रहे हैं कि आखिर अहमद इतनी छोटी उम्र में ही उनके साथ क्यों है... क्योंकि उनसे उनका बचपन छीन लिया गया...लेकिन ताज्जुब ये कि पूरी कहानी में सबसे अहम इस बात की कोई व्याख्या ही नहीं है...क्योंकि खुद उसे इस मुद्दे का ही पता नहीं है कि आखिर वो बचपन कैसे गया...और कहां गया...किसकी वजह से गया...और इसे बगैर किसी तवज्जो के छोड़ दिया गया...
चलती-फिरती मौत, पैरों पर चलकर आती तबाही, पलक झपकते मचा सकता है तबाही का तांडव, सैकेंड्स में सबकुछ खत्म कर देगा ये, बारूद वाला बच्चा, बर्बादी का बवंडर...मौत का परवाना.......ये वो कुछ जुमले हैं जो हिंदी मीडिया ने आतंकवादियों के साथ शामिल बच्चों को दिए... बड़े-बड़े शब्द...बेमानी लेकिन सनसनीखेज...संवेदनाहीन...जो शायद अब किसी के कानों पर जूं की तरह भी नहीं रेंगते...क्योंकि हर दूसरी-तीसरी लाइन पर इन्हें सुन-सुनकर आपके रौंगटे भी बैठ चुके हैं...
तो क्या मीडिया ने हिंदीभाषियों-हिंदी दर्शकों-हिंदी पाठकों को निरा उजड्ड, गंवार और बेवकूफ समझ रखा है...लगता तो कुछ ऐसा ही है...क्योंकि आंकड़े भी (टीआरपी) उन्हीं के साथ हैं... वो आपकी संवेदनशीलता को चुनौती देते हैं रोज...वो आपका वक्त ज़ाया करते हैं रोज...वो आपको पूरे परिवार के बीच शर्मसार करते हैं रोज...वो आपको जिल्लत और जहालत से भरपूर बताते हैं हरपल...आपकी सेंसिबिलिटी को कुरेदते हैं वो...आपको निहायत तुच्छ समझते हैं...पूरी सीनाजोरी के साथ...क्योंकि उनके पास आंकड़े हैं...अपनी बात के समर्थन में...
और फिर...हिंदी मीडिया को लगता है...भारतेंदु हरिश्चंद्र, मैथिलीशरण गुप्त के बाद हिंदी में कोई साहित्यकार पैदा ही नहीं हुआ है...जो आपकी समझ विकसित कर सकता...हिंदी पत्रकार ही वो है जिसने हर नौकरी के नाकाबिल होने के बाद इस प्रोफेशन में कदम रखा...जो अपने गांव-कस्बे से सीधे महानगर पहुंचा...पढ़ने-लिखने से उसका कोई वास्ता नहीं...जो आपने पढ़ा, वही आपके पिताजी और उनके पिताजी ने पढ़ा था...इसलिए सोचें कैसे और क्या नया...कहां से आए संवेदनशीलता...गंभीर है तो गरिष्ठ है उसके लिए...हजम नहीं होता...इसीलिए हिंदी में अब विचार नहीं होता...सिर्फ साहित्य चिंतन होता है या प्राचीन महान का महिमामंडन...या फिर बचते हैं खतरनाक की कोटि में आने वाले शब्दबाण...
मगर एक बात है...हिंदी मीडिया अपने अंग्रेज सामंतियों की तरह ये भलीभांति जानता है कि हिंदी बेल्ट आधुनिकताबोध से वंचित नहीं है...बेशक उधारी की ही क्यों न हो...इसलिए इस बेल्ट को बाजार के बतौर देखने में उन्हें कोई उज्र नहीं है...हां, वो ये भी जानते हैं कि माल खरीदने वाला हिंदी ग्राहक सिर्फ नारों पर जाता है... और हर चमकदार, जोरदार, चीखपुकार से बेची गई चीज तुरंत खरीद लेता है... इसलिए साहित्यचिंतन से मुक्त हिंदी पत्रकारिता अब खतरनाक शब्दबाण लेकर मैदान में है...24X7 वो यही शब्दबाण छोड़ रही है...बाकी सबकुछ चुक गया है...हिंदी स्टाइल में अंग्रेजी पत्रकारिता...अंग्रेजी स्टाइल में देसी चिंतन...
16/3/09
जब एक अखबार मरता है...
हाँ, जब एक अखबार मरता है तो सिर्फ अखबार ही नहीं मरता...जब एक अखबार मरता है तो उस शहर की चेतना का एक हिस्सा भी उसके साथ खत्म हो जाता है
अमेरिका के डेढ़ सौ साल के उम्रदराज अखबार रॉकी माउंटेन न्यूज की 3 मार्च 2009 को मौत हो गई...रॉकी के साथ ही कोलोरैडो और डेनवर के ऐतिहासिक समय, स्मृतियों और चेतना का एक हिस्सा भी दफन हो गया... रॉकी अमेरिका का 21वां सबसे पुराना अखबार था...
इन डेढ़ सौ साल के वक्त में इस अखबार के कई संपादक अगवा हुए, उन्हें गोली मारी गई, उनको पीटा गया और उन्हें जलाया गया... उन्होंने कॉमनवेल्थ बनाए, विश्वविद्यालय खड़े किए, वो पहाड़ों पर चढ़े...उन्हें अपने दफ्तर पहुंचने से रोका गया...लेकिन वो कभी नहीं डरे, कभी झुके नहीं...तब भी नहीं जब शायद सिर्फ यही एक रास्ता बचा था...
तो ऐसा क्या हुआ कि इतने बेखौफ अखबार के डेढ़ सौ साल के सुनहरे अतीत पर एकदम झिलमिली पड़ गई... खुद अखबार के संपादक मानते हैं कि उन्हें बुरे लोगों और विरोधियों ने नहीं उनके ही पाठकों ने परास्त कर दिया... उन्हें इंटरनेट ने हरा दिया...क्योंकि लोग डेढ़ सौ साल से कागज पर छपते अखबार को पढ़कर ऊब गए थे...आप इसे दुखद कह सकते हैं...लेकिन रॉकी माउंटेन न्यूज ने अमेरिकी पूंजीवाद का वार भी झेल लिया था... उसे उन्हीं ने हरा दिया, जिनके लिए वो छपता रहा...
इस अखबार ने सिर्फ कोलोरैडो के इतिहास की गौरवगाथाएं ही दर्ज नहीं कीं... उसके पन्नों पर शहर की बर्बरता और उसका अत्याचार भी दर्ज हुए...सभी मील के पत्थरों की रिकॉर्डिंग और तकरीबन सभी मसलों पर बेबाक राय भी उसी स्याही से दर्ज की गई... लेकिन अब ये एक इतिहास हो चुका है... कुछ भी हो, कोलोरैडो का कोई भी बाशिंदा रॉकी माउंटेन न्यूज पर कभी ये आरोप नहीं लगा सकेगा कि उसने उनके हक के लिए जद्दोजहद छोड़ दी थीं...रॉकी के संपादकों का कहना है कि बेशक कई बार वो अपने झुकाव की वजह से जनहित में गलत भी साबित हुए लेकिन फिर भी ज्यादातर ऐसे मौके आए, जब अखबार और उसके रिपोर्टरों ने जो भी कदम उठाया, कोलोरैडो के हित में ही गया...
इस अखबार की मौत की खबर अखबार के लोगों को पहले ही मिल चुकी थी...जो भी अखबार से जुड़ा था, चपरासी से लेकर रिपोर्टर और एडिटर तक...सभी के लिए रॉकी माउंटेन न्यूज एक ऐसी संस्था थी, जिसके बगैर उनकी जिंदगी अधूरी थी...
कुछ लोग कहते हैं कि वो अखबारों से पीछा छुड़ाना चाहते हैं... उन्हें दूसरे रास्तों से मिल रही सूचनाओं और खबरों की बाढ़ के बीच अब और ज्यादा अखबारों की जरूरत नहीं है... उनका ये भी कहना है कि वो खबरें खरीदें ही क्यों जब उन्हें वो मुफ्त में हासिल हैं...इन लोगों के लिए रॉकी के संपादकों का कहना था कि वो जनता के इन तर्कों को अच्छी तरह समझते हैं कि पिछले एक दशक में सूचना पाना कितना आसान और सस्ता हो गया है... और उन्होंने भी बतौर अखबार इसका फायदा उठाया है...जाहिर है अपनी खबरों के चुनाव और झुकाव में कोई अखबार गलती करता है और कर सकता है...लेकिन औसतन वो दूसरे माध्यमों जैसे टीवी के मुकाबले कम सेलेक्टिव और कम झुकाव रखने वाला होता है...और इस वक्त इस कमी को पूरा करने में कोई खबर माध्यम सक्षम नहीं है...
इस अखबार के संपादकों की असल चिंता है स्थानीय पत्रकारिता... और उसका भविष्य...उन्हें रॉकी की मौत का इतना दुख नहीं जितना
रॉकी को बनाने में उसके रिपोर्टरों और संपादकों ने अपना खून और पसीना दोनों लगाए... बेहद प्रतिस्पर्धा में रॉकी पर जबर्दस्त अनिश्चितता हावी रही लेकिन रॉकी को चलाना कोई रहस्य या जादू नहीं था, ये सब जानते थे...लोग अखबारों की प्रतिस्पर्धा को तो समझते हैं लेकिन वो नहीं जानते कि दो अखबारों की दुश्मनी की गहराई कितनी और कैसी होती है...रॉकी ने डेनवर में अपने प्रतिद्वंद्वियों से कुछ ऐसे युद्ध लड़े, जिन्हें आज भी अमेरिकी अखबारों के सबसे जुझारू संघर्षों के बतौर याद किया जाता है...कई बार उसने अस्तित्व के संकट का सामना किया और हर बार वो विजयी होकर निकला...खुद को उसने फिर से तराशा, संवारा और फिर से पाठकों के हाथ में पहुंचा नए कलेवर के साथ...
अखबार में लगातार घाटा बढ़ रहा था... जो 2008 में 1 अरब 50 करोड़ रुपए तक पहुंच गया... क्लासीफाइड रेवेन्यू लगातार घटती गई...पिछले एक दशक से सर्कुलेशन भी कम हो रहा था क्योंकि लोगों की आदतें बदल रही थीं...2007 में कोलोरैडो से ज्यादा सिर्फ 8 ऐसे राज्य थे जहाँ अखबारों का सर्कुलेशन ज्यादा दर्ज किया गया...खास बात ये थी कि डेढ़ सौ साल पहले जिन चीजों की वजह से रॉकी माउंटेन न्यूज में उसके मालिक विलियम बायर्स ने जान फूंकी थी, वही चीजें अब उसकी मौत की वजह बन गईं...
सब जानते हैं कि ये बुरा दौर है... बहुत से उद्योग बंद हो रहे हैं.. ऐसे वक्त में हम आपको बता दें कि अखबार बंद नहीं होते... वो बस मर जाते हैं.. दुनिया बाकी व्यवसायों के बगैर काम चला लेती है...लेकिन लोगों के जीवन को दर्ज करने वालों की जरूरत हर दिन होती है...यूं तो हर बिजनेस हाउस के पास तिमाही दर तिमाही अपनी कामयाबी दिखाने का मौका होता है लेकिन एक अखबार की कामयाबी का पैमाना होती हैं उसकी स्टोरीज, उसकी खबरें... हालांकि अखबार के पास इतिहास दर्ज करने के लिए इतिहासकारों जैसा नहीं होती... वो आपका भोगा हुआ इतिहास तुरंत आप तक पहुंचा देते हैं...चूंकि कोई भी अखबार कभी गलती मुक्त या परफेक्ट नहीं होता, लेकिन ये अखबार ही होता है जो हमेशा सही होने की कोशिश करता रहता है...इसके बावजूद कि उसे सही होने में 24 घंटे लगते हैं...
पाठक और रॉकी के विरोधियों दोनों को ही रॉकी की कमी खलेगी और बुरी तरह सालेगी...डेनवर शहर को अब सिर्फ एक अखबार से काम चलाना होगा, 100 साल में पहली बार...
3/3/09
संतोषमय कष्ट के शहर में आपका स्वागत है!

धारावी जरायमपेशा है, धारावी सैलानियों की आंखों की किरकिरी है और धारावी गंदा है...अगर आपसिर्फ इन तीन बातों में यकीन रखते हैं तो इसे न पढ़ें...क्योंकि धारावी के लिए इससे ज्यादा अपमानजनक और कुछ नहीं हो सकता...
सायन, माहीम और माटुंगा रेलवे स्टेशनों के बीच 100 बस्तियों का करीब 520 एकड़ का इलाका...जिन्होंने कभी धारावी में पैर नहीं रखा, उन्हें ये टिन शेड्स के टैंटों का कबाड़खाना ही लगेगा...धारावी है भी मुंबई का छाया शहर...इस ग्रह की कुछ सबसे बुरी मलिन बस्तियों में एक...जहां एक वर्ग किलोमीटर में करीब 6 लाख जिंदा लोग रहते हों...उसे आप महानगरीय नर्क कहें या अछूत, कोई फर्क नहीं पड़ता...क्योंकि धारावी है और रहेगा...लेकिन इस संतोषमय कष्ट के शहर में आपका स्वागत है...
धारावी के ठीक उत्तरी तरफ है वो मुंबई जिसे आप भारत की आर्थिक राजधानी के बतौर जानते हैं...एक दूसरे के उलट दो सच्चाइयां...बस्ती से गुजरने वाले दो मीटर चौड़े दो पाइप दिन में बस दो घंटे पानी देते हैं...हर पंद्रह सौ इंसानों के लिए एक टॉयलेट....सड़क के दोनों तरफ बने फीकल लैटरीन...हर तीन मिनट पर धारावी की धमनियों से लोकल ट्रेनें गुजरते गुए उसमें जिंदगी फूंकती रहती हैं...
एशिया की दूसरी सबसे बड़ी झुग्गी बस्ती धारावी की ये वो खूबियां हैं...जो आंकड़े बयान करते हैं...पर क्या आपको पता है कि लाखों जिंदगियों से भरपूर इस इलाके में दुनिया की बढ़ती शहरी आबादी को लंबे समय तक जिंदा रखने के तमाम पर्यावरणीय और सामाजिक गुण मौजूद हैं...धारावी को बाहरी दुनिया से कुछ नहीं चाहिए...पूरे धारावी में वहीं बनी चीजें इस्तेमाल होती हैं...अवैध ही सही पर 10 हजार से ज्यादा स्मॉल स्केल इंडस्ट्रीज करीब 10 लाख लोगों का पेट भरती हैं...प्लास्टिक, लकड़ी, पॉटरी, जींस और चमड़े के सामान से धारावी की सालाना कमाई होती है 665 मिलियन डॉलर...अगर प्रिंस चार्ल्स कहते हैं कि धारावी मॉडल ज्यादा वक्त चलेंगे और ऐसी परंपरागत सामाजिक सिस्टम हमारे वक्त की क्रूर और असंवेदनशील व्यवस्था से कहीं ज्यादा अच्छी हैं...तो वो शायद गलत नहीं कह रहे...
इसी धारावी की एक और तस्वीर है जिसे अब ब्रिटिश कंपनियां विदेशियों को दिखाती हैं अपने छोटे-छोटे टुअर के जरिए...पुअरिज्म के नाम से...6.75 डॉलर देकर विदेशी एसी कार में बैठकर इस नर्क का दर्शन करते हैं...स्लमडॉग मिलियॉनेयर पर तूफान उठाने वालों की नजर अभी इस तरफ नहीं पड़ी है...

धारावी में घुसते ही आपके सामने होती है बमुश्किल एक मीटर चौड़ी गली...लेकिन अगर आप हिंदुस्तानी हैं तो वहां की जिंदगी से लबरेज रिदम से तुरंत वाकिफ हो जाएंगे...किसी चॉल से निकलते भक्ति संगीत के साथ-साथ पड़ोस की मस्जिद से अजान की आवाज दोनों सुनाई देंगी...आसपास स्कूल और पूरी यूनीफॉर्म में बच्चे...एक तरफ यहां पुराने कंप्यूटरों के कीबोर्ड तोड़फोड़ कर उनके कलपुर्जे अलग-अलग करते लोग मिल जाएंगे तो दूसरी तरफ बॉलपेन की नीली स्याही के बर्तनों पर काम करते कामगार...पॉलिएस्टर रेजिन के स्टील ड्रमों में कुछ बनाते कामगार दिखेंगे...इनमें से चंद के ही हाथों में दस्ताने होंगे...इंसान के जिस्म से निकली गंदगी से भरे गटर के पास आपको बच्चे खेलते मिल जाएंगे...घरों से दिखेगा उठता हुआ काला धुआं, गलियों के बीचोंबीच फैक्ट्रियों का गंदा पानी और पिघला हुआ वेस्ट...
धारावी के ज्यादातर लोगों के लिए अपना टॉयलेट होना एक सपने जैसा ही होता है...क्योंकि ब्रहन्नमुंबई महानगरपालिका समझती है कि इतनी बड़ी आबादी में सभी के लिए अलग-अलग टॉयलेट बनाकर देना पानी की बर्बादी है...पानी के लिए मारामारी है...औसतन दो किलोमीटर दूर से लाइनों में खड़े होकर पानी भरती महिलाएं दिखेंगी ताकि चॉल में चूल्हा-बासन कर सकें...इसके लिए भी उन्हें गुंडों को हफ्ता देना होता है...धारावी का कामकाज अक्सर लैंड माफिया और गुंडों के कंधों पर ही चल पाता है...बात चाहे पानी की हो या बिजली की...वही मुहैया कराते हैं...प्रशासन के पास धारावी के लिए कुछ नहीं है...
ब्रिटिश पीरियड में गुजरात और महाराष्ट्र की निचली मानी जाने वाली जातियों से बसा धारावी बाद में मुंबई की मिलों की बंदी के बाद बेरोजगार हुए कारीगरों, उत्तर प्रदेश, बिहार से गए लोगों, टैक्सी ड्राइवरों से बसा...

सवाल ये है कि एशिया के दूसरे सबसे बड़े स्लम का तमगा धारावी के लिए फख्र की बात है या शर्म की...अगर आप धारावी में एक दिन बिताएं तो शायद आपको लगे कि दोनों ही सच हैं...एक साथ सबकुछ घट रहा है...एक जिंदादिल शहर का सक्रिय स्लम...धारावी आलसियों, खुदगर्ज और दिन भर रोते रहने वालों को पसंद नहीं करता...सिर्फ कड़ी जद्दोजहद ही यहां बचा सकती है...एक ताकत यहां हरदम काम करती रहती है जो आपको मजबूर करती है कि आप क्या हो सकते हैं... कदम कदम पर धड़कती जिंदगी...अपनी तमाम दुश्वारियों के बावजूद...
धारावी शर्म भी है...60 साल के बुड्ढे और आजाद देश के लिए...धारावी में रफ्तार कायम रखने को मजबूर हिंदुस्तान की कुछ बेहद गंदी बुराइयां भी शामिल हैं...बेवकूफाना कानूनी नुक्तों, गलत-सलत नीतियों और गंदे राजनेताओं के मिश्रण का एक जीता-जागता नमूना है ये...दरअसल धारावी आपको उसतरफ देखने को मजबूर करता है जो भारत को पीछे खींच रहा है...दुनिया के लिए उसका रुख और वोचीजें जो हम बाहर वालों से छिपाना चाहते हैं...धारावी को देखकर आप समझ सकते हैं कि हिंदुस्तान क्या हो सकता है...यही वो जगह भी है जहां हर एक वर्ग मीटर जमीन का खाली हिस्सा तरक्की के एक मौके को जन्म देता है और यही वो जगह भी है जहां बिहार के किसी बेहद दूरदराज के गांव सेआया बच्चा सॉफ्टवेयर की पढ़ाई पढ़ता मिलता है...कहीं ये हिंदुस्तान का भविष्य तो नहीं...जिसे आप अभी देखना-दिखाना नहीं चाहते...
हॉलीवुड को धारावी पसंद आई है...उसे स्लमडॉग पसंद आया है...लेकिन ये उसका अपराध नहीं है...इस फिल्म ने तो उसकी समझ बढ़ाई है- ओह! ऐसा भी हो सकता है...हिंदुस्तान अगर सॉफ्टवेयर जीनियस देता है, तो वही स्लमडॉग भी पैदा करता है...बेशक स्लमडॉग मिलियॉनेयर गरीबी की बात करती है...गरीबी को नंगेपन के साथ उजागर करती है...जाहिर है ये फीलगुड फिल्म नहीं है...जिसकी हम हमेशा से उम्मीद करते आए हैं...ये फिल्म बेचैन करती है...मुंबई का छाया शहर धारावी भी बेचैन करने वाला शहर है...(सभी तस्वीरें:अयान खासनबीस)
1/3/09
स्लमडॉग की पिटाई की जांच न कराएं रेणुकाजी...
28/2/09
बांग्लादेश: जम्हूरियत को लगी नजर
सारी दुनिया पिछले तीन दिन से बांग्लादेश राइफल्स के विद्रोह की तस्वीरें और ढाका में चल रही हलचल को देख रही है... लेकिन अभी तक पूरी तरह साफ नहीं कि आखिर वो क्या बात थी जिसने बांग्लादेश राइफल्स में इतने बड़े विद्रोह को हवा दे दी...क्या ये सिर्फ बांग्लादेश का आंतरिक मामला है... और क्या वास्तव में विद्रोह खत्म हो चुका है... ये कुछ सवाल हैं जिनसे दक्षिण एशियाई थिंक टैंक दोचार है... बांग्लादेश आर्मी बेशक सरकारी नियंत्रण में रही है, लेकिन बांग्लादेश राइफल्स ने 1971 से ही अपनी पहचान बनाए रखने पर जोर दिया है... वो सेना के साथ कभी नहीं मिली... इसके पीछे है एक लंबा इतिहास... हालांकि बांग्लादेश राइफल्स में समय-समय पर सेना के ही अफसर नियुक्त होते रहे हैं...27/2/09
कसाब, कम से कम प्लेटफॉर्म टिकट तो ले लेते!
ये वो देश है जहां आप किसी का कत्ल कर दें, तो भी ये सुनिश्चित नहीं कि आपको सजा मिलेगी ही... और अगर आप किसी सम्माननीय की औलाद हैं तो तय मानिए कि शायद ही आप जेल जाएं और शायद ही आपको कोई छूने की हिम्मत ही करे...यही वो देश है जहां कानून आपके पैरों की जूती से ज्यादा अहमियत नहीं रखता...यही वो देश है जहां सबसे ज्यादा कानून के रखवाले ही कानून तोड़ने वालों में शामिल हैं...24/2/09
ब्लॉगर, आपका वकील कहां है!
अगर आपके ब्लॉग पर किसी पोस्ट की वजह से आपके खिलाफ कोई केस हो जाए तो... आपको किसी व्यक्ति, समुदाय, धर्म की मानहानि के लिए जिम्मेदार ठहरा दिया जाए... अब ऐसा हो सकता है... ये खतरा अमेरिका, चीन, बर्मा के बाद मध्य एशिया के देशों में फैला और अब भारत में आसन्न खड़ा दिखाई दे रहा है...23/2/09
धारावी तो कुनैन है!

नदी
क्या नदी बहती है या समय का है प्रवाह हममें से होकर या नदी स्थिर है पर हमारा मन खिसक रहा है क्या नदी और समय वहीं हैं उस क्षैतिज रेखा पर...
-
(यह कहानी मुझे www.yourtango.com पर मिली.. लेखिका हैं एमिली रोजेन..मेरा इसमें कुछ नहीं..सिर्फ अनुवाद) मैं उसके ऑफिस में थी, अपने घुटनों पर...
-
मैं उसे परपीड़क कहूँगा , घोड़ों की लाशों से प्यार करने वाला. मगर ये बात फ़िज़ूल है- वुडी एलेन बस लाश ही हूँ मैं, टांगों के सिवा, जिसे आ...